जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने दुर्गापूजा के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों का किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के दिए निर्देश
पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, मजबूत बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार तथा अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश।
सारण, 15 अक्टूबर 2026। दुर्गापूजा, 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण श्री रौशन कुमार द्वारा आज सदर अनुमंडल अंतर्गत रिविलगंज, मांझी, एकमा, बनियापुर एवं जलालपुर प्रखंडों के विभिन्न पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने पूजा आयोजकों को पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान पूजा आयोजकों को दिए गए प्रमुख निर्देश निम्नवत हैं—
सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था: सभी पूजा पंडालों के अंदर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा सके।
मजबूत बैरिकेडिंग: श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए मजबूत बल्लों अथवा स्टील पिलर के माध्यम से अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रवेश एवं निकास द्वार: पंडालों में प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाए जाएं, ताकि भीड़ का सुचारु प्रबंधन हो सके और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
कार्यकर्ताओं की तैनाती: पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में कार्यकर्ताओं की तैनाती सुनिश्चित की जाए। दिन के साथ-साथ रात्रि में भी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से कार्यरत रहें, ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।
संबंधित पदाधिकारियों को समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर को निर्देश दिया कि सभी बड़े पूजा पंडालों में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रखंड स्तरीय कर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विधि-व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
उन्होंने विद्युत विभाग के माध्यम से सभी पूजा पंडालों का विद्युत ऑडिट कराकर आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त करने तथा भवन प्रमंडल के माध्यम से पंडालों की संरचना एवं निर्माण की मजबूती से संबंधित प्रमाण पत्र प्राप्त करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं एवं संरचनात्मक जोखिमों की आशंका को दूर करना तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अग्नि सुरक्षा के उपायों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश
अग्निशमन पदाधिकारी को सभी पूजा पंडालों का नियमित अंतराल पर बार-बार निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, आग से बचाव एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देने तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के क्रम में सहाजितपुर के मनोपाली में निर्मित पूजा पंडाल पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित पूजा व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन, सारण द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे दुर्गापूजा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में पर्व मनाने में सहयोग करें।
7 views | Saharsa, Bihar | Oct 15, 2026