जिला चंबा के राजपुरा स्थित मदरसा जामिया जमालिया इस्लामिया में बुधवार को भव्य “जश्ने ईद मिलादुन्नबी कॉन्फ्रेंस” का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, छात्रों और धार्मिक अनुयायियों ने भाग लेकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को आत्मसात करने का संदेश प्राप्त किया।
कॉन्फ्रेंस में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे उलेमा और धार्मिक विद्वानों ने शिरकत की। इस अवसर पर आलिम-ए-नबील फाज़िले जलील मुनाज़िरे अहले सुन्नत हजरत अल्लामा मौलाना मुफ्ती लियाकत अली नदवी साहब, इमामो खतीब जामा मस्जिद फारूके आजम रिसड़ा सहित अन्य विद्वानों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, उनकी शिक्षाओं, इंसानियत, प्रेम, शांति और आपसी सद्भाव के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उलेमा ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करती हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक एकता व भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान नात-ओ-मनकबत और धार्मिक तकरीरों के माध्यम से लोगों को नेक रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी गई।
मदरसा प्रबंधन ने बताया कि संस्थान में हिफ्ज, नाजरा और दर्से निजामी के साथ-साथ आधुनिक एवं दुनियावी तालीम भी प्रदान की जाती है, ताकि छात्र धार्मिक और सामाजिक दोनों क्षेत्रों में बेहतर योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर इंतजामिया कमेटी और मदरसा प्रबंधन ने सभी मेहमानों, उलेमा और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। कॉन्फ्रेंस का समापन देश एवं प्रदेश की खुशहाली, अमन-चैन और भाईचारे की दुआ के साथ हुआ।
बाइट मौलवी।
#Chamba #Himachal #Parades #post #highlight
Chamba, Chamba | Aug 26, 2026