नशे की रोकथाम में परिवार और समाज की भूमिका अहम: उपायुक्त
नशे से पीड़ित युवाओं के वीडियो बनाने के बजाय अपनाएं सकारात्मक दृष्टिकोण
मास्टर प्रशिक्षकों एवं नशा मुक्ति मित्रों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
सुरेंद्र ठाकुर
चम्बा, 26 अगस्त।
जिला मुख्यालय चम्बा में बुधवार को “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग, हिमाचल प्रदेश तथा जिला प्रशासन चम्बा के संयुक्त तत्वावधान में मास्टर प्रशिक्षकों एवं नशा मुक्ति मित्रों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
कार्यशाला में गुंजन ऑर्गनाइजेशन फॉर कम्युनिटी डेवलपमेंट, धर्मशाला के प्रशिक्षक पंकज पंडित एवं विजय सिंह ने नशे की बढ़ती समस्या, इसके दुष्प्रभावों तथा रोकथाम के उपायों को लेकर प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिले की नशे के अधिक उपयोग वाली चिन्हित 13 रेड मार्क स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधि एवं पंचायत सचिव, तहसील कल्याण अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शारीरिक शिक्षक, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नशे की मांग कम करने में समाज की अहम भूमिका
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि नशे की समस्या आज समाज के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभर रही है और इससे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से अनेक परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के प्रत्येक वर्ग को सामूहिक रूप से आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या के दो प्रमुख पहलू मांग और सप्लाई हैं। सप्लाई पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एवं संबंधित एजेंसियां लगातार कार्य कर रही हैं, जबकि नशे की मांग को कम करने में परिवार और समाज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने अभिभावकों से बच्चों के साथ खुलकर संवाद करने तथा उनमें नशे की प्रवृत्ति दिखाई देने पर समय रहते काउंसलिंग और आवश्यक उपचार उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत एक स्वास्थ्य संबंधी समस्या है और समय पर उपचार एवं सहयोग से इससे बाहर निकलना संभव है।
नशे से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता जरूरी
उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या को केवल किसी व्यक्ति या परिवार की समस्या न मानकर पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी समझना होगा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर नशे की हालत में पकड़े गए युवाओं के वीडियो बनाकर प्रसारित करने की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की निजता और गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए। नशे की गिरफ्त में आया युवा अक्सर भटका हुआ व्यक्ति होता है, इसलिए उसके साथ मारपीट या वीडियो बनाकर उसे सार्वजनिक करने के बजाय उसके परिवार को सूचित कर उचित सहायता और उपचार दिलाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
उपायुक्त ने सभी नशा मुक्ति मित्रों से नशे के खिलाफ अभियान को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए हरसंभव प्रयास करने की अपील की।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, उपनिदेशक शिक्षा विकास महाजन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण हितेषी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Pangi Administration DC Chamba The Voice of Pangwal
#PangiLiveNews #Chamba #ChambaNews #नशामुक्तभारत #नशामुक्तअभियान #नशेकेखिलाफ #नशामुक्तचम्बा #DrugFreeIndia #DrugFreeChamba #नशेकीरोकथाम #युवाओंकीसुरक्षा #जनजागरूकता #चम्बाप्रशासन #मुकेशरेपसवाल #HimachalPradesh #HimachalNews #PangiNews #PangiLive #NewsUpdate
Chamba, Chamba | Aug 26, 2026