#बालाघाट
कटंगी एसडीएम श्री यादव ने किया झंझागी प्राथमिक शाला एवं नवेगांव हाईस्कूल का औचक निरीक्षण
अनुपस्थित शिक्षक का तीन दिन का वेतन किया राजसात
कटंगी एसडीएम श्री विजय सिंह यादव द्वारा 13 नवम्बर को प्राइमरी विद्यालय झंझागी एवं नवेगाँव हाई स्कूल का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसडीएम श्री यादव कटंगी बीआरसी रवींद्र हरिनखेडे के साथ स्कूलों के औचक निरीक्षण पर पहुंचे, जहाँ सर्वप्रथम उन्होंने झंझागी प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया तथा अध्यापन कार्य भी कराया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की उपस्थिति पंजी का भी निरीक्षण किया जिसमें दो शिक्षकों में से एक शिक्षक भीमराव नागफासे बिना सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। उपस्थिति पंजी का निरीक्षण करने पर एसडीएम ने देखा कि उक्त शिक्षक विगत दो दिवसों से बिना सूचना के गायब हैं। एसडीएम श्री यादव ने शिक्षक भीमराव नागफासे के विरुद्ध तत्काल कार्यवाही करते हुए तीन दिवस का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए हैं।
नवेगाँव हाई स्कूल में 140 में से मात्र 40 बच्चे मिले उपस्थित
एसडीएम श्री यादव नवेगांव हाईस्कूल के निरीक्षण के दौरान कक्षा नौवीं और दसवीं में कुल दर्ज 140 बच्चों के विरुद्ध मात्र 40 बच्चे ही उपस्थित मिले। जानकारी लगने पर पता लगा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मंडई मेला होने की वजह से बच्चों की उपस्थिति कम है। एसडीएम ने यहाँ कक्षा दसवीं में अनुवांशिकी विषय पर बच्चों का ज्ञानवर्धन किया, बच्चों से सवाल-जवाब किए। बालिकाओं का शैक्षणिक स्तर बालकों की तुलना में यहाँ बेहतर पाया गया। शेष स्कूल में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर थी।
प्राइमरी विद्यालय झंझागी के निरीक्षण में एसडीएम ने किचन शेड का भी निरीक्षण किया, जहाँ पर बच्चों को आज मेन्यू अनुसार हरी सब्जी रोटी एवं टमाटर की चटनी बनाई जा रही थी। एसडीएम ने किचन शेड के कर्मचारियों को साथ ही हेडमास्टर को भी निर्देशित किया कि बच्चों को प्रतिदिन दिए जाने वाला भोजन पूर्ण गुणवत्ता युक्त एवं मानकों पर आधारित होना चाहिए। भोजन पूर्ण हाइजीन तरीके से बनाया जाए। बच्चों के खाने की थालियां भी साफ-सुथरी होनी चाहिए और यह व्यवस्था सतत रूप से रहे। बच्चों को भोजन कराने से पहले उनके हैंड वाशिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए। जिससे यह उनके व्यवहार में शामिल हो सके
स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य लगातार राजस्व विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसमें ऐसे हितग्राही जिन्हें पूर्व में पट्टे वितरित कर दिए गए थे, वर्तमान में उनकी स्वामित्व रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है। जिसके क्रम में एसडीएम औचक निरीक्षण पर नवेगाँव पहुंचे, जहाँ पटवारी पीयूष राहंगडाले मौके पर उपस्थित मिले एवं निरीक्षण करने तक 8 रजिस्ट्रियां पूर्ण हो चुकी थीं। वहीं एसडीएम ने अन्य कर्मचारियों को भी निर्देशित किया कि वे फॉर्म इनिशिएशन बढ़ाएं एवं शत-प्रतिशत लाभार्थियों को लाभान्वित करें। अत्यधिक महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसके तहत बड़ी संख्या में गरीब ग्रामीण हितग्राहियों को स्वामित्व रजिस्ट्री निशुल्क प्रदाय की जा रही हैं
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp #schooledump