#बालाघाट
जिले के 1785 मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन
6 विधानसभा क्षेत्रों में 13 लाख 50 हजार 636 मतदाता दर्ज, 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार गुरुवार को जिले की सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों के 1785 मतदान केंद्रों पर प्रारूप फोटो निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया गया। इस संबंध में दोपहर 12 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.पी. बर्मन ने की।
जिले में 13.50 लाख से अधिक मतदाता दर्ज
बैठक में बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 50 हजार 636 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 6 लाख 69 हजार 990 पुरुष, 6 लाख 80 हजार 636 महिला और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या बैहर में 2,36,068, लांजी में 2,51,466, परसवाड़ा में 2,26,889, बालाघाट में 2,31,858, वारासिवनी में 2,03,630 और कटंगी में 2,00,725 है।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फोटो रहित प्रारूप निर्वाचक नामावली की सीडी तथा फोटो सहित प्रारूप निर्वाचक नामावली की हार्ड कॉपी प्रदान की गई। बैठक में निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री सुबोध श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड-3 जिला निर्वाचन कार्यालय श्री अनिल कुमार पटले सहित भाजपा के श्री संजय अग्निहोत्री, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री मस्तराम डाहाटे, कांग्रेस के श्री शफकत खान, सीपीआई (एम) के श्री वाय.आर. बिसेन तथा बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री इंजीनियर महेंद्र उपस्थित रहे।
#ECI #JansamparkMP #CEOMPElections #ECISVEEP