#बालाघाट
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की
गांवों में लगातार रोजगारमूलक कार्य शुरू करने के दिये निर्देश, पलायन रोकने पर दिया जोर
विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीणों को निरंतर रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष फोकस
जिला पंचायत सभा कक्ष में आज 13 नवंबर को कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में विकसित भारत-जी राम जी योजना सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने योजनाओं की प्रगति, श्रमिक लक्ष्य, बजट आवंटन एवं विकासखंडवार कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने सेक्टर इंजीनियर्स को निर्देशित किया कि वे ग्राम पंचायत स्तर पर पलायन की वास्तविक स्थिति का सर्वे कर जानकारी जुटाएं। साथ ही क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान अनिवार्य रूप से दौरा डायरी संधारित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार रोजगारमूलक कार्य संचालित किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को अपने ही गांव में नियमित रोजगार मिल सके और उन्हें रोजगार की तलाश में अन्य स्थानों पर पलायन न करना पड़े।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में नए एवं पूर्व से स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर गंभीरता से समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं के अभाव में खेती प्रभावित हो रही है, वहां जल संरक्षण एवं जल संग्रहण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। इसके अलावा नक्सल प्रभावित रहे 100 ग्रामों में स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए बकरी पालन, मुर्गी पालन एवं मछली पालन जैसी आजीविका गतिविधियों की योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी भवनों के अधूरे निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को मैदानी भ्रमण के दौरान घर-घर पहुंचकर बिजली, सड़क एवं पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने तथा कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन के स्वीकृत कार्यों की समीक्षा कर उन्हें समय पर पूर्ण कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित एवं रुके हुए आवासों का निर्माण पूरा कराने तथा स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गायत्री कुमार सारथी सहित जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं सहायक यंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minprdd