#बालाघाट
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विद्यालय में जागरूकता कार्यशाला आयोजित
बाल विवाह की रोकथाम एवं जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से विकासखंड बैहर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भंडेरी में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों तथा बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
वन स्टॉप सेंटर प्रशासक सुश्री रचना चौधरी ने बताया कि देवउठनी ग्यारस के अवसर पर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विवाह समारोहों की बढ़ती संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बाल विवाह की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। कार्यशाला में विद्यार्थियों को बताया गया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 एवं पुलिस हेल्पलाइन 112 की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को स्वयं बाल विवाह नहीं करने तथा आसपास होने वाले बाल विवाह को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही लोगों से अपील की गई कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp #schooledump