जालौन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ के बाद तीन शातिर चोर दबोचे, दो घायल, एक ने हथियार डालकर किया सरेंडर
जालौन पुलिस ने रामपुरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी ने खुद को घिरता देख आत्मसमर्पण कर दिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बृजेन्द्र राजपूत निवासी जलालपुर (हमीरपुर), विवेक राजपूत उर्फ इक्का निवासी मुस्करा (हमीरपुर) और सोनू यादव निवासी चरखारी (महोबा) के रूप में हुई है। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि 16-17 मई 2026 की रात ग्राम मई निवासी कन्हई सिंह के घर में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें नकदी और जेवरात चोरी कर लिए गए थे। शिकायत के आधार पर थाना रामपुरा में मुकदमा दर्ज कर स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस की संयुक्त टीम शुक्रवार शाम क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। रोकने का प्रयास करने पर बदमाश भाग निकले और पीछा किए जाने पर पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीसरे ने गिरफ्तारी से बचने का कोई रास्ता न देखकर सरेंडर कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 25, 2026