हरदोई में विकसित भारत युवा उत्सव का भव्य आयोजन, 500 युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
हरदोई। रसखान प्रेक्षागृह में सोमवार को जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में विकसित भारत युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमावती ने दीप प्रज्वलित कर किया। उत्सव में जनपद के 15 विद्यालयों एवं संस्थानों से करीब 500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2026-27 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में लोकगीत समूह, लोकनृत्य समूह, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीतों और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों के साथ नुक्कड़ नाटकों के जरिए सामाजिक संदेश भी दिए गए।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, संस्कृति, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी प्रबोध कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं की मंच पर आने की झिझक दूर होती है। इससे आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा मिलता है। युवा उत्सव का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना है।
इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिताओं में लोकगीत (समूह) में गोपीनाथ संगीत विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य (समूह) में गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, हरदोई प्रथम रहा। नुक्कड़ नाटक में सेंट जेवियर्स विद्यालय, पिहानी ने बाजी मारी। कविता लेखन में हर्षवर्धन मिश्रा और चित्रकला में कोमल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
5 नवंबर को मंडल स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी एवं दल आगामी 5 नवंबर को आयोजित मंडल स्तरीय युवा उत्सव में हरदोई का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में राजकुमार सिंह, रितेश चौधरी, रणविजय सिंह, अभिराम सिंह, उदयराज सिंह एवं ई. मोहम्मद उस्मान सिद्दीकी शामिल रहे। आयोजन में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों अम्बुज शुक्ला, नितिन कुमार, रमाकांत, शिवांगी सिंह एवं राजगोपाल मौर्य का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की प्रभारी श्रेया गुप्ता रहीं।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने, अपनी प्रतिभा पहचानने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।