समाजवादी पार्टी ने सेमीफाइनल जीता, अब 2027 का फाइनल जीतकर बनाएगी प्रचंड बहुमत की सरकार : जितेंद्र वर्मा
मल्लावां। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा उर्फ जीतू पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में पांच सीटें जीतकर सेमीफाइनल जीत लिया है। अब पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में फाइनल जीतकर उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।
वह सोमवार को 159 बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक मल्लावां के ग्राम खंदरिया में आयोजित पीडीए पंचायत को संबोधित कर रहे थे।
जितेंद्र वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में स्नातक और शिक्षक दोनों सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा को राजनीतिक चुनौती दी है। उन्होंने अयोध्या में भाजपा को दोबारा पराजित करने के साथ ही प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मथुरा में सांसद हेमा मालिनी से जुड़े राजनीतिक गढ़ों में पार्टी को मिली चुनावी चुनौतियों का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं ने भाजपा सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनके मुताबिक उत्तर प्रदेश का शिक्षित वर्ग और आम जनता समाजवादी पार्टी के साथ खड़ी हो रही है। पीडीए का साथ और युवाओं का विश्वास पार्टी की सफलता का आधार है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ा है। नौकरी और रोजगार की तलाश में पढ़े-लिखे युवा भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के चलते कई पीढ़ियों के युवाओं की नौकरी पाने की उम्र निकल गई।
जितेंद्र वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली भर्तियों की व्यवस्था समाप्त कर नियमित नौकरियां दी जाएंगी। शिक्षामित्रों को दोबारा सहायक अध्यापक बनाकर समान वेतन देने तथा केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में युवा, किसान, मजदूर और महिलाएं परेशान हैं। इन वर्गों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठा रही है।