हुतात्मा दिवस पर बजरंग दल ने आयोजित किया रक्तदान शिविर, कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान
हरदोई। हुतात्मा दिवस के अवसर पर सोमवार, 2 नवंबर को बजरंग दल हरदोई की ओर से जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला संयोजक शुभम बाजपेयी के संयोजन में आयोजित शिविर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लिया।
बजरंग दल की ओर से प्रतिवर्ष 2 नवंबर को कोठारी बंधुओं के बलिदान की स्मृति में हुतात्मा दिवस मनाया जाता है। संगठन के अनुसार, राम मंदिर आंदोलन के दौरान राम कोठारी (22 वर्ष) और शरद कोठारी (20 वर्ष) ने 30 अक्टूबर 1990 को विवादित ढांचे के गुंबद पर चढ़कर भगवा ध्वज फहराया था। इसके बाद 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में हनुमानगढ़ी के पास पुलिस की गोलीबारी में दोनों भाइयों की मृत्यु हो गई थी। उनके बलिदान की स्मृति में बजरंग दल रक्तदान शिविर आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित करता है।
शिविर में अवध प्रांत के प्रांत सह मंत्री प्रवीण, जिला संगठन मंत्री अभिषेक, जिला सह संयोजक राघवेंद्र, निवर्तमान जिला संयोजक ऋषभ, विहिप जिला मंत्री गौरव, जिला सह मंत्री नागेंद्र, जिला प्रचार प्रमुख अक्षतानन्द, जिला बाल संस्कार प्रमुख ओंकार, जिला धर्म प्रसार प्रमुख हिमांशु, हरदोई नगर उपाध्यक्ष हिमांशु, नगर संयोजक सुमित, शाहाबाद नगर अध्यक्ष रविंद्र, शाहाबाद नगर संयोजक शिवम तथा प्रखंड संयोजक कुंवरपाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।