002
प्रेस नोट- जिला पलवल
दिनांक 13 सितम्बर 2026
*पलवल साइबर थाना पुलिस की बड़ी कामयाबी, टेलीग्राम पर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले राजस्थान के 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।*
*टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अज्ञात लोगों द्वारा दिए जा रहे आकर्षक ट्रेडिंग व कमाई के लुभावने प्रस्तावों के झांसे में न आएं-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।*
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम पलवल की टीम ने टेलीग्राम पर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान 2 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
वसीम खान निवासी जिला टोंक, राजस्थान व शाहनवाज खान निवासी सवाई माधोपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।
साइबर थाना प्रभारी P SI संदीप कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता शाहेआलम निवासी दुधौला, जिला पलवल ने साइबर हेल्पलाइन 1930 व साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि टेलीग्राम पर "Mohammed Rashid Traders" के नाम से संपर्क कर क्यूआर कोड के माध्यम से ट्रेडिंग के नाम पर उससे 1,95,900 रुपये की साइबर ठगी की गई। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम पलवल में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच व गिरफ्तारी:
जांच अधिकारी पीएसआई प्रदीप की टीम ने बैंक खातों की गहनता से जांच की। जांच के दौरान खातों के तार राजस्थान से जुड़े मिले, जिसके बाद एक किशोर सहित राजस्थान के तीन आरोपियों आमिर खान, मोहम्मद समीर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है जिनसे अन्य सह-आरोपियों बारे पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वसीम खान साइबर ठगी के लिए कमीशन पर बैंक खाते उपलब्ध कराता था।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 सितंबर 2026 को आरोपी वसीम खान और शाहनवाज खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वसीम खान के कब्जे से एक मोबाइल फोन तथा आरोपी शाहनवाज खान के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें ठगी के लिए इस्तेमाल टेलीग्राम ग्रुप "MOHAMMED RASHID TRADER" और व्हाट्सएप चैट पाई गई।
पुलिस रिमांड व आगामी कार्रवाई:
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों के कब्जे से ठगी की राशि बरामद करने, उनके अन्य ठिकानों तथा गिरोह के अन्य सह-आरोपियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है। साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
*पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस की अपील:*
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने आमजन से अपील की है कि टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अज्ञात लोगों द्वारा दिए जा रहे आकर्षक ट्रेडिंग व कमाई के लुभावने प्रस्तावों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Palwal, Palwal | Sep 14, 2026