दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बढ़े कदम
आल्हापुर में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पात्र दिव्यांगजनों को वितरित किए कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण
केंद्र व प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध : गौरव गौतम
पलवल, 13 सितंबर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से पलवल के गांव आल्हापुर स्थित महाराजा अग्रसेन सामुदायिक भवन में निःशुल्क कृत्रिम अंग, कैलिपर एवं अन्य सहायक उपकरणों के फिटमेंट एवं वितरण के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में हरियाणा सरकार के खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी कार्य राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाया।
इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्हें समान अवसर, सम्मान और आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सामाजिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, सहायक उपकरण तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिव्यांगजनों तक पहुंचाकर उनके जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि समाज में दिव्यांगजनों के प्रति जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता है। दिव्यांगजनों को कमजोर समझने के बजाय उनकी क्षमताओं और प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाने चाहिए।
राज्य मंत्री ने शिविर में पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, कैलिपर एवं अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए तथा उनसे बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की एडीआईपी योजना के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों को आधुनिक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिल रही है और वे अधिक आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
Palwal, Palwal | Sep 14, 2026