बंजवार स्कूल के विद्यार्थियों ने सीखी बैंकिंग की कार्यप्रणाली, तीन दिवसीय OJT प्रशिक्षण शुरू
Suneel Pahadi ✍️
चम्बा (हिमाचल प्रदेश): राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंजवार के कक्षा नौवीं के आईटी–आईटीईएस (IT–ITeS) व्यावसायिक ट्रेड के विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तहत पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में तीन दिवसीय ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) के लिए भेजा गया है।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव प्रदान करना और उन्हें व्यावहारिक कौशल से परिचित करवाना है।
विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत AISECT (All India Society for Electronics and Computer Technology) प्रशिक्षण संस्था के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान की जा रही है।
आईटी–आईटीईएस ट्रेड की व्यावसायिक प्रशिक्षक पूजा देवी द्वारा विद्यार्थियों को नियमित कक्षा शिक्षण के साथ विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों एवं कार्यक्षेत्र से जुड़े प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में विद्यार्थियों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए पंजाब नेशनल बैंक भेजा गया है। प्रशिक्षण से पहले विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म, पहचान पत्र, नोटबुक एवं पेन के साथ निर्धारित समय पर पहुंचने तथा अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बैंक की कार्यप्रणाली, विभिन्न बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। विद्यार्थियों ने कृषि ऋण, शिक्षा ऋण सहित अन्य बैंकिंग ऋण सुविधाओं के बारे में भी जानकारी हासिल की।
इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य में रोजगार एवं व्यावसायिक क्षेत्र की चुनौतियों को समझने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करते हैं।
रिपोर्ट: सुनील पहाड़ी
पहाड़ी न्यूज़ | चम्बा, हिमाचल प्रदेश
Chamba, Chamba | Oct 31, 2026