जहां साप्ताहिक बाजार लगता है, वहां नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि स्वच्छ वातावरण बना रहे- कलेक्टर श्री यादव
===
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर प्रताप नारायण यादव का बनवार क्षेत्र में औचक भ्रमण
==
स्कूल, आंगनबाड़ी और अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश, गौशाला भी पहुचे कलेक्टर
==
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बनवार क्षेत्र का औचक भ्रमण कर स्थानीय स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और अस्पताल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री यादव ने आंगनबाड़ी केंद्र में छोटे-छोटे बच्चों से बातचीत की और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गांव में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां साप्ताहिक बाजार लगता है, वहां नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि स्वच्छ वातावरण बना रहे।
आयुष्मान आरोग्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान पर्याप्त दवाएं उपलब्ध नहीं होने की स्थिति सामने आने पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दूरभाष पर तत्काल निर्देशित किया कि केंद्र में सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्कूल परिसर की व्यवस्थाओं, आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली कनेक्शन तथा नियमानुसार रसोइयों की उपलब्धता के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्री यादव ने कहा आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
मुख्यमंत्री गौशाला का भी किया औचक निरीक्षण
कलेक्टर श्री यादव ने नोहटा के समीप स्थित मुख्यमंत्री गौशाला का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौवंश को अपने हाथों से केला एवं अन्य आहार खिलाया तथा गौशाला में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौशाला में गौवंश के लिए सभी आवश्यक और समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गौशाला संचालक ने गोचर भूमि की मांग रखते हुए बताया कि इस संबंध में प्रकरण अभी लंबित है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रकरण के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होने कहा इस भ्रमण का उद्देश्य क्षेत्र में शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लेना, कमियों को दूर कराना तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
#JanVishwasAbhiyan2026 #हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम #damoh