जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता- कलेक्टर श्री यादव
==
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत नोहटा क्षेत्र की 37 ग्राम पंचायतों में पहुंचीं प्रशासनिक टीमें, सरकारी संस्थानों का किया निरीक्षण
==
37 दलों ने गांव-गांव पहुंचकर 24 सरकारी संस्थानों की जांच कर पोर्टल पर अपलोड की रिपोर्ट,
==
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
==
जबेरा तहसील में स्वामित्व योजना की पहली रजिस्ट्री हितग्राही को प्रदाय की गई हितलाभो का हुआ वितरण
===
शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर, सम्मानपूर्वक और पारदर्शिता के साथ लाभ मिले तथा उसे अपने अधिकारों के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। इस आशय के विचार कलेक्टर प्रताप नारायण यादव मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंर्तगत ग्राम पंचायत नोहटा में आयोजित शिविर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत नोहटा में आयोजित कार्यक्रम के तहत जिले की 37 ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक दलों ने गांव-गांव पहुंचकर शासकीय योजनाओं और संस्थानों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि अभियान के तहत 37 दल गठित किए गए थे। प्रत्येक दल में दो-दो जिला स्तरीय अधिकारी शामिल रहे, जिन्होंने विभिन्न गांवों में पहुंचकर स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास, उचित मूल्य की दुकान सहित अन्य शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई वास्तविक स्थिति को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया गया, ताकि शासन को योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक जानकारी मिल सके।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सुधार पर जोर
कलेक्टर श्री यादव ने कहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की धरातलीय स्थिति का आकलन करना और उनमें आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक किस प्रकार पहुंच रहा है। निरीक्षण के माध्यम से सामने आने वाली कमियों को दूर कर योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
गांव-गांव पहुंचकर किया संवाद, लगाए गए शिविर
अभियान के तहत अधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां प्राप्त आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई की गई। जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव नहीं हो सका या जिनमें लंबी प्रक्रिया की आवश्यकता है, उनका शीघ्र निराकरण कर संबंधित हितग्राहियों को अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान की गई। स्वामित्व योजना के तहत भी हितग्राहियों को लाभ उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर नागरिकों की जांच की गई और संबल योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ भी पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
जिले में आयोजित होंगे 19 शिविर
श्री यादव ने कहा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में कुल 19 शिविर आयोजित किए जाने हैं। नोहटा में आयोजित शिविर अभियान का नौवां शिविर था और अब इसका दूसरा चरण शुरू हो गया है। आगामी शुक्रवार को दूसरे स्थान पर शिविर आयोजित किया जाएगा। इस प्रकार अभियान के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
ग्राम स्तर पर ही समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था
कलेक्टर श्री यादव ने कहा प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। ग्राम स्तर पर निराकरण योग्य समस्याओं का समाधान वहीं किया जाए। तहसील या अनुभाग स्तर से संबंधित मामलों का निराकरण संबंधित स्तर पर सुनिश्चित किया जाए।
इसी उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाती है। इसमें तहसीलदार, पटवारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं, ताकि नागरिकों की समस्याओं का समाधान एक ही मंच पर किया जा सके।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि वे किसी शासकीय योजना के लिए पात्र हैं और इसके बावजूद उन्हें लाभ नहीं मिल रहा है, तो संबंधित विभाग, तहसील, जनपद पंचायत अथवा निर्धारित कंट्रोल रूम के माध्यम से अपनी समस्या दर्ज कराएं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर जनसुनवाई या कलेक्टर कार्यालय में अपनी बात रखें।
कलेक्टर ने कहा जिला प्रशासन के सभी अधिकारी-कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ, कानून के दायरे में पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनविश्वास शिविर सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक- सतेंद्र सिंह
सतेंद्र सिंह ने कहा जनविश्वास शिविर सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर सरकार आपके द्वार पहुँचकर आमजन की समस्याओं का समाधान कर रही है। शिविर का उद्देश्य शासकीय योजनाओं से वंचित हितग्राहियों को लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।
शिविर के माध्यम से आमजन को मिली राहत- रूपेश सेन
रूपेश सेन ने कहा मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर का आयोजन जिले के सहज एवं सरल कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के माध्यम से किया गया। शिविर में 37 पंचायतों के लोगों को अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिला। शिविर के दौरान प्राप्त समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की गई, जिससे आमजन को राहत मिली।
उन्होंने कहा विभिन्न विभागों के माध्यम से लोगों को राहत राशि भी वितरित की गई। इस प्रकार के शिविरों से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सुविधा मिलती है और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में मदद मिलती है।
जबेरा तहसील में स्वामित्व योजना की पहली रजिस्ट्री हितग्राही को प्रदान
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जबेरा तहसील में स्वामित्व योजना के अंतर्गत पहली रजिस्ट्री हितग्राही कोमल सिंह ठाकुर, निवासी ग्राम घाना को प्रदान की गई। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को उनकी संपत्ति के अधिकारों से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
#JanVishwasAbhiyan2026 #हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम #damoh