मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में छठ की अनूठी आस्था! 98 बंदी करेंगे छठ व्रत, मुस्लिम महिला और सिख पुरुष बंदी भी होंगे शामिल
मुजफ्फरपुर से आस्था, विश्वास और सामाजिक सौहार्द की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आ रही है। लोक आस्था के महापर्व छठ की गूंज अब शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा परिसर में भी सुनाई देगी। यहां बंदियों के लिए छठ पूजा के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और कारा प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
इस वर्ष जेल परिसर में कुल 98 सजावार एवं विचाराधीन महिला और पुरुष बंदी छठ व्रत रखेंगे। इनमें 51 महिलाएं और 47 पुरुष शामिल हैं। खास बात यह है कि व्रत करने वालों में एक मुस्लिम महिला और एक सिख पुरुष बंदी भी शामिल हैं। यह तस्वीर छठ महापर्व की आस्था के साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और धार्मिक एकता का संदेश दे रही है।
जिला प्रशासन की ओर से पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक भव्य और आकर्षक व्यवस्था की गई है। महिला व्रतियों के लिए साड़ी, लहठी और चूड़ियां, जबकि पुरुष व्रतियों के लिए धोती, गंजी और गमछे की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा डाला, सूप, फल, मिठाई और पारंपरिक पकवान भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
छठ घाट की साफ-सफाई और रंग-रोगन के साथ केले के पेड़, फूल-मालाओं, झालरों, गुब्बारों और रंगीन रोशनी से परिसर को सजाया जा रहा है। जेल रेडियो पर महान लोक गायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा के छठ गीत भी गूंज रहे हैं। सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर पांच तैराकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जेल की चारदीवारी के भीतर आस्था और विश्वास का यह आयोजन सामाजिक सौहार्द की एक प्रेरणादायक मिसाल बन रहा है।
#Muzaffarpur #ChhathMahaparv #ShaheedKhudiramBoseCentralJail #SocialHarmony #TirhutNow
Musahri, Muzaffarpur | Nov 10, 2026