समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:-1933,
दिनांक: 20/11/2026,
==================
आगामी ब्लैकआउट एक्सरसाइज एवं मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक:- उप नियंत्रक-सह-अनुमंडल पदाधिकारी (सदर पूर्णिया) ने नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश:-
आगामी 23 से 27 नवंबर 2026 के बीच आयोजित होने वाली ब्लैकआउट एक्सरसाइज एवं मॉक ड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 20 नवंबर 2026 को उप नियंत्रक-सह-अनुमंडल पदाधिकारी (सदर पूर्णिया) श्री विग्नेश टी०ए० (भा०प्र०से०) द्वारा नागरिक सुरक्षा (Civil Defence) के स्वयंसेवकों के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को निर्धारित तिथि पर ब्लैकआउट एक्सरसाइज एवं मॉक ड्रिल के सफल संचालन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें अभ्यास के दौरान अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन, आपसी समन्वय एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सभी गतिविधियों को संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
उक्त अभ्यास के दौरान अग्निशमन कार्य (फायर फाइटिंग) तथा खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू) का सिमुलेशन अभ्यास भी कराया जाएगा। इसके माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में आग पर नियंत्रण, प्रभावित व्यक्तियों की खोज एवं सुरक्षित बचाव तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की तैयारियों का अभ्यास किया जाएगा।
अभ्यास के दौरान संपन्न सभी गतिविधियों का विधिवत अभिलेखीकरण (डॉक्यूमेंटेशन) भी किया जाएगा तथा संबंधित अभिलेख नागरिक सुरक्षा निदेशालय को प्रेषित किए जाएंगे।
उप नियंत्रक-सह-अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूर्ण तत्परता एवं समन्वय के साथ अभ्यास को सफल बनाएं, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी सुनिश्चित की जा सके।
#cmsamrat
#samratchoudhary
Purnia, Bihar | Nov 20, 2026