*पुलिस चौकी से 30 कदम दूर दिनदहाड़े 17 हजार की चोरी, व्यापारियों में आक्रोश*
*कालपी, जालौन।* जनपद में कानून व्यवस्था की पोल खोलने वाली वारदात सामने आई है। कालपी नगर के व्यस्त टरननगंज बाजार में पुलिस चौकी से महज 30 कदम की दूरी पर शातिर चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार चांद जनरल स्टोर पर पांच शातिर युवक ग्राहक बनकर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार को अलग-अलग सामान की मांग कर बातों में उलझाए रखा। दुकानदार का ध्यान भटकते ही दो युवकों ने दुकान से करीब 17 हजार रुपये का कीमती सामान चुरा लिया। दुकान के बाहर पहले से ही उनका एक साथी बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। सामान लेकर आरोपी चलती बाइक पर सवार हुए और बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।
दुकानदार को जब चोरी का अहसास हुआ तो उसने शोर मचाते हुए पीछा किया, लेकिन तब तक शातिर आंखों से ओझल हो चुके थे। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
टनरनगंज चौकी के सामने हुई इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि जब चौकी के सामने ही सुरक्षित नहीं हैं तो अन्य जगहों का क्या हाल होगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Jalaun, Jalaun | Sep 11, 2026