पीडीए सम्मेलन में दलित महिलाओं की उपेक्षा का आरोप, अनुराधा कठेरिया ने जताई नाराजगी
उरई (जालौन)। समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान दलित महिलाओं को मंच पर उचित सम्मान न दिए जाने का मामला सामने आया है। पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एससी-एसटी प्रकोष्ठ अनुराधा कठेरिया ने जिला नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नवागत कार्यकर्ताओं को तरजीह दी गई, जबकि वरिष्ठ दलित महिला नेताओं की अनदेखी की गई।
सम्मेलन में उठा विवाद
शहर के कोंच रोड स्थित मधुवन विला गेस्ट हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम को सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने संबोधित किया। इसी दौरान अनुराधा कठेरिया ने आरोप लगाया कि पीडीए की पंचायत में जिला अध्यक्ष और कुछ पदाधिकारियों द्वारा उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा जिला कमेटी के लोगों ने मंच पर उन्हें और अन्य दलित महिलाओं को वह स्थान नहीं दिया, जिसकी उन्हें हकदार होना चाहिए था।
अखिलेश यादव के संदेश की अनदेखी
कठेरिया ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का स्पष्ट निर्देश है कि संगठन में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए और उनका सम्मान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा, पीडीए सामाजिक न्याय, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के सम्मान की बात करता है। ऐसे में उसी मंच पर दलित महिलाओं की उपेक्षा होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।मांग की गई कार्रवाई
राष्ट्रीय सचिव ने पार्टी नेतृत्व से पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए जिला स्तर पर महिलाओं की भागीदारी और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पार्टी की नीतियों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। लेकिन संगठन के भीतर भेदभावपूर्ण व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Jalaun, Jalaun | Sep 10, 2026