शामती बाईपास पर कूड़ा फेंकना पड़ा भारी, गाड़ी वाले का 15 हजार का जुर्माना
सोलन शहर में खुले में कूड़ा फेंककर स्वच्छता व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वालों पर अब नगर निगम सोलन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शामती बाईपास पर कूड़ा फेंकना एक गाड़ी चालक को खासा महंगा पड़ गया। नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए पिकअप का 15 हजार रुपये का चालान काटकर जुर्माना वसूल लिया।
नगर निगम के सेनेट्री इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह ने कार्रवाई को अंजाम देते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि शहर में जहां-तहां कूड़ा फेंकने वालों को अब किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। निगम की इस कार्रवाई के बाद खुले में कूड़ा फेंकने वालों में हड़कंप मच गया है।
नगर निगम कमिश्नर डॉ. राजदीप सिंह ने कहा कि नगर निगम सोलन की परिधि में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सोलन की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि शहर के हर नागरिक की है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि घर से निकलने वाला कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय घर-घर कूड़ा एकत्र करने आने वाले सफाई कर्मचारियों को ही सौंपें।** सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और बाईपास पर कूड़ा फेंककर शहर की खूबसूरती खराब करने वालों के खिलाफ अब जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि कूड़ा फेंको और निकल जाओ' वाला रवैया अब नहीं चलेगा। अगर कोई व्यक्ति या वाहन खुले में कूड़ा फेंकता पकड़ा गया तो उसकी जेब पर भारी पड़ सकता है। निगम ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि स्वच्छ सोलन के लिए नियमों का पालन करें, वरना कार्रवाई के लिए तैयार रहें।