ई-निबंधन से जहानाबाद में रजिस्ट्री की संख्या तीन गुना बढ़ी
जहानाबाद : नई ई-निबंधन व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान का सकारात्मक असर दिखने लगा है। जिले में नई व्यवस्था लागू होने के बाद रजिस्ट्री की संख्या में करीब तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई है। गुरुवार को जहानाबाद निबंधन कार्यालय में कुल 16 दस्तावेजों का ई-निबंधन किया गया।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने गुरुवार को निबंधन कार्यालय का निरीक्षण कर ई-निबंधन प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आम लोगों को नई व्यवस्था के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी अंचलों में ई-निबंधन को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। डीड राइटर्स एवं अधिवक्ताओं के लिए प्रशिक्षण-सह-कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं। आम लोगों की शंकाओं का समाधान करने के साथ नई व्यवस्था की जानकारी भी दी जा रही है।
ई-निबंधन कराने वाले लोगों ने नई व्यवस्था को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी बताते हुए संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्वयं सात पंजीकृत दस्तावेजों की हार्ड कॉपी संबंधित पक्षकारों को उपलब्ध कराई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपरलेस निबंधन का मतलब यह नहीं है कि नागरिकों को पंजीकृत दस्तावेज की हार्ड कॉपी नहीं मिलेगी। पेपरलेस व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी अभिलेखों और विभागीय प्रक्रिया का डिजिटलीकरण करना है। निबंधन के बाद पंजीकृत दस्तावेज की हार्ड कॉपी पूर्व की तरह उपलब्ध कराई जाती है।
डीएम ने बताया कि नई ई-निबंधन व्यवस्था में ओटीपी और ई-साइन आधारित सुरक्षित प्रक्रिया अपनाई गई है। इससे निबंधन प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया गया है। डीड राइटर्स एवं अधिवक्ताओं को प्रक्रिया के विभिन्न चरणों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
उन्होंने निर्देश दिया कि निबंधन कार्यालय आने वाले नागरिकों को तकनीकी परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कर्मियों को तकनीकी सहायता एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। जिला अवर निबंधक (डीएसआर) कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क से भी आमजन ई-निबंधन से संबंधित सही और प्रमाणिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि ई-निबंधन को लेकर किसी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें। किसी भी तरह की शंका या जानकारी के लिए निबंधन कार्यालय स्थित हेल्प डेस्क से संपर्क करें और सरकार की इस सरल, सुरक्षित एवं पारदर्शी व्यवस्था का लाभ उठाएं।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 27, 2026