रात में थानों में कांड दैनिकी लेखन का विशेष सत्र, अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक, कोटा किरण कुमार के निर्देश पर बुधवार की रात जिले के सभी थाना परिसरों में कांड दैनिकी लेखन को लेकर विशेष सत्र आयोजित किया गया। थानाध्यक्षों की मौजूदगी में अनुसंधानकर्ताओं के साथ आयोजित इस सत्र में लंबित मामलों के अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस दौरान अनुसंधानकर्ताओं को कांड दैनिकी का लेखन निर्धारित प्रक्रिया एवं तथ्यों के आधार पर समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। केस डायरी तैयार करने में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी चर्चा कर उनका समाधान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांडों के अनुसंधान में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता है। विशेष सत्र के माध्यम से अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया, ताकि मामलों की जांच में अनावश्यक विलंब न हो और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।