#Balrampur ! जनसहभागिता से मजबूत होगी सुरक्षा, गांव-गांव पहुंच रही बलरामपुर पुलिस की CPU टीम...
प्रधानों, व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर समस्याओं का लिया जा रहा फीडबैक, साइबर अपराध से लेकर महिला सुरक्षा तक किया जा रहा जागरूक...
#बलरामपुर। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बलरामपुर पुलिस ने कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU) के माध्यम से विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत CPU की टीमें सार्वजनिक स्थलों पर ग्राम प्रधानों, व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों और ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही हैं। साथ ही उनकी समस्याएं और सुझाव लेकर त्वरित समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस टीम आमजन को आत्मरक्षा, यातायात नियमों, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, साइबर अपराध और नशामुक्ति के प्रति जागरूक कर रही है। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए बैंक खाते व एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी अनजान लोगों को न देने की अपील की जा रही है।
इसके अलावा स्कूली वाहनों की जांच कर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं। आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 और CPU प्रभारी का संपर्क नंबर भी लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों के भ्रमण और स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियों के जरिए भी पुलिस जनता के बीच विश्वास मजबूत करने में जुटी है।
बलरामपुर पुलिस ने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने क्षेत्र की समस्याओं व सुझावों से पुलिस को अवगत कराने की अपील की है। पुलिस का उद्देश्य जनसहयोग से सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण करना है।
#balrampurpolice