#Balrampur ! मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गांवों और विद्यालयों में पहुंची पुलिस, महिलाओं-बालिकाओं को बताए सुरक्षा के अधिकार...
#बलरामपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर बलरामपुर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक व मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रमों में महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
इस दौरान दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और गुड टच-बैड टच जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने दहेज प्रथा और बाल विवाह को सामाजिक कुरीति के साथ दंडनीय अपराध बताते हुए संबंधित कानूनों की जानकारी दी।
महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन सहायता के लिए वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस 108, स्वास्थ्य सेवा 102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया।
इसके साथ ही थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र की उपयोगिता समझाते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की बात कही।
#balrampurpolice