#Balrampur ! एसएसबी इंटर कॉलेज में कंप्यूटर लैब का शुभारंभ, विद्यार्थियों को मिलेगी आधुनिक डिजिटल शिक्षा...
सीओ उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार ने किया उद्घाटन, एफएमजीई परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सुनील वर्मा और अल्ताफ हुसैन हुए सम्मानित...
#उतरौला (#बलरामपुर)। एसएसबी इंटर कॉलेज, हाशिमपारा उतरौला में बुधवार को कंप्यूटर लैब का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार ने फीता काटकर कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया। इस नई सुविधा से विद्यालय के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा, कंप्यूटर का व्यावहारिक ज्ञान और आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध होंगे।
इस अवसर पर सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान दौर में कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक का ज्ञान विद्यार्थियों के लिए बेहद जरूरी है। विद्यालयों में आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता से छात्र-छात्राओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में एफएमजीई परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सुनील वर्मा और अल्ताफ हुसैन को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। दोनों सफल अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
सपा नेता डॉ. एहसान खान ने कहा कि शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान आज समय की मांग है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। कंप्यूटर लैब से विद्यार्थियों को नई तकनीक सीखने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षकों, प्रधानाचार्य और प्रबंधन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक प्रयास और बेहतर मार्गदर्शन से विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
इस मौके पर डॉ. अताउल्लाह खान, डॉ. वारिस, डॉ. जमाल अख्तर, डॉ. कासिम, डॉ. रफीउल्लाह, डॉ. यासिर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#