लखपति दीदी सर्वे में तेजी लाने और शत-प्रतिशत सत्यापन का डीएम ने दिया निर्देश
जीविका की समीक्षा बैठक में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, आरएफ और आईसीएफ की राशि अधिक से अधिक वितरित करने का निर्देश
लखीसराय। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जीविका की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में लखपति दीदी सर्वे, वीपीआरपी सर्वे, जिला जेंडर फोरम और जल-जीवन-हरियाली सहित जीविका की विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा की गई।
इस दौरान जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी ने पीपीटी के माध्यम से जीविका की उपलब्धियों और जिले में संचालित विभिन्न कार्यों की जानकारी जिलाधिकारी को दी।
समीक्षा के दौरान डीएम ने लखपति दीदी सर्वे में तेजी लाने और लखपति बन चुकी जीविका दीदियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आरएफ और आईसीएफ की राशि अधिक से अधिक वितरित करने पर जोर दिया। कहा कि जीविका दीदियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपना रोजगार शुरू कर सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
Lakhisarai, Lakhisarai | Nov 25, 2026