प्रेस विज्ञप्ति
डीडीएमए चंबा द्वारा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, सरोल में आयोजित की गई मॉक ड्रिल
चंबा: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), चंबा द्वारा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, सरोल में आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विद्यालय के स्टाफ को आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में डीडीएमए चंबा की ओर से श्री सुमित गुप्ता एवं श्री भार्गव शर्मा ने प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान होमगार्ड विभाग एवं अग्निशमन विभाग की टीमों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई तथा आपातकालीन बचाव एवं अग्निशमन से संबंधित व्यावहारिक अभ्यास करवाए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विक्रम सचदेवा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन के महत्व, सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता एवं अनुशासन बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसी परिस्थितियों में घबराने के बजाय समझदारी और सावधानी से कार्य करने का संदेश दिया।
मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने, निर्धारित निकासी मार्गों का उपयोग करने तथा राहत एवं बचाव दलों के निर्देशों का पालन करने के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
डीडीएमए चंबा द्वारा इस प्रकार के अभ्यासों के माध्यम से विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, चंबा
Chamba, Chamba | Oct 30, 2026