सुडला में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा आकलन शिविर आयोजित, 30 विद्यार्थियों ने लिया भाग
समग्र शिक्षा और एलिम्को के संयुक्त सहयोग से हुआ आयोजन, जरूरत के अनुसार उपलब्ध करवाए जाएंगे सहायक उपकरण
चम्बा, 30 अक्तूबर।
समग्र शिक्षा अभियान और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के संयुक्त सहयोग से सुडला में सलूणी एवं सुडला खंडों के दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा आकलन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में दोनों खंडों के 30 दिव्यांग विद्यार्थियों सहित कुल 60 लोगों ने भाग लिया।
शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों की शारीरिक आवश्यकताओं का चिकित्सा आकलन किया गया, ताकि उनकी जरूरतों के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जा सकें। आकलन प्रक्रिया के आधार पर चिह्नित विद्यार्थियों को आगामी चरण में आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों को जरूरी सहायक उपकरण उपलब्ध करवाकर उनकी शिक्षा, दैनिक गतिविधियों और जीवन को अधिक सुगम बनाना है। समग्र शिक्षा अभियान और एलिम्को के संयुक्त प्रयासों से दिव्यांग बच्चों की जरूरतों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी संजीव कुमार, समन्वयक आईईडी, डाइट सरू ने दी।
Chamba, Chamba | Oct 30, 2026