तीज के बहाने जौनपुर की लोक संस्कृति ने मसूरी में बिखेरा रंग
पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने लोकगीतों पर किया नृत्य, प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह; नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने का संदेश
मसूरी। तीज के पर्व पर शनिवार को मसूरी के किताबघर स्थित गुरुद्वारा में जौनपुर की लोक संस्कृति के रंग देखने को मिले। अगलाइ यमुना घाटी महिला विकास मंच जौनपुर की ओर से आयोजित तीज महोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया और अपनी संस्कृति को जीवंत रखने का संदेश दिया।
महोत्सव में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तीज से जुड़ी प्रतियोगिताओं के साथ ही गीत-संगीत और नृत्य ने कार्यक्रम में खूब रंग जमाया। महिलाओं ने भगवान शिव-पार्वती की आराधना कर एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं।
पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि जौनपुर क्षेत्र की महिलाओं का मसूरी में पहली बार इस तरह तीज मनाना सांस्कृतिक एकता की मिसाल है। मसूरी विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति और परंपराओं को साथ लेकर चलने वाला शहर है। ऐसे आयोजन लोगों को एक सूत्र में जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपरा, लोकगीत, वेशभूषा और त्योहारों से परिचित कराने का काम करते हैं।
पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि मसूरी विभिन्न संस्कृतियों का गुलदस्ता है। जौनपुर समुदाय का मसूरी से पुराना जुड़ाव है और इस तरह के आयोजन आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करते हैं।
आयोजक गुड्डी देवी ने बताया कि महिलाओं से संवाद के बाद महोत्सव की रूपरेखा तैयार की गई थी। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। तीज महोत्सव ने साबित किया कि बदलते दौर में भी अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को उत्सव के जरिए जिंदा रखा जा सकता है।
#cmuttrakhkhand #GaneshJoshi #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh #uttarakhand #mussoorie #uttrakhand #dehradun
Mussoorie, Dehradun | Aug 8, 2026