जहानाबाद में रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव मिलने से सनसनी
जहानाबाद के परस बिगहा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में खलबली मच गई। मृतक की पहचान शहर के बड़ी संगत मोहल्ला निवासी सौरभ कुमार, पिता विजय कुमार सिन्हा के रूप में हुई है। सौरभ मुजफ्फरपुर में बजाज फाइनेंस कंपनी में नौकरी करते थे और सोमवार को ही जहानाबाद स्थित अपने घर आए थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम सौरभ स्कूटी से दोस्तों से मिलने घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला।
मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने की सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गई। शव के पास मिले पर्स से संपर्क नंबर मिलने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सौरभ कुमार के रूप में की।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों का आरोप है कि सौरभ के मोबाइल को रिसेट कर उसमें लगा सिम कार्ड निकाल दिया गया था। वहीं, उनकी स्कूटी भी घटनास्थल से अलग स्थान पर मिली। इन परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना मिलने पर परस बिगहा थाना प्रभारी सर्वनारायण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
#Jehanabad #जहानाबाद #Parsabigha #CrimeNews #BiharNews #JahanabadLive #BreakingNews
Jehanabad, Jehanabad | Sep 22, 2026