महिलाओं के लिए शुरू हुई पिंक बस सेवा, पटना-जहानाबाद-हुलासगंज के बीच करेगी परिचालन
जहानाबाद : महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने नई पहल की है। सोमवार को समाहरणालय परिसर से पिंक बस सेवा का शुभारंभ किया गया। सांसद सुरेंद्र प्रसाद, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार समेत जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की ओर से संचालित यह बस पटना-जहानाबाद-हुलासगंज मार्ग पर नियमित रूप से चलेगी। खासकर हुलासगंज स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को इससे आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा पटना, जहानाबाद और हुलासगंज के बीच यात्रा करने वाली अन्य महिला यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
महिला कंडक्टर और डिजिटल भुगतान की सुविधा
पिंक बस में यात्रियों की सुविधा को लेकर कई विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक सीट के समीप मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट की सुविधा दी गई है। बस में महिला कंडक्टर की तैनाती की गई है, जो यात्रियों की सहायता के साथ टिकटिंग का कार्य करेंगी। टिकट का भुगतान यूपीआई के माध्यम से डिजिटल तरीके से भी किया जा सकेगा।
छात्राओं में दिखा उत्साह
बस के शुभारंभ के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पिंक बस सेवा शुरू होने से कॉलेज आने-जाने में सहूलियत होगी और सुरक्षित माहौल में यात्रा का भरोसा बढ़ेगा। छात्राओं ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में जिला क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सागर कुमार उर्फ दिलीप कुशवाहा व अजय कुमार देव, विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला परिवहन पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता निपुन कुमारी, मोटरयान निरीक्षक ब्रजकिशोर कुमार समेत परिवहन कार्यालय के पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।