अभियान बसेरा के लिए अब पंचायत व अंचल स्तर पर ही जमा होगा आवेदन
जहानाबाद : अभियान बसेरा के तहत पर्चा के लिए आवेदन करने वाले लोगों को अब पटना जाने की जरूरत नहीं होगी। जिला प्रशासन ने अंचल और पंचायत स्तर पर ही आवेदन जमा करने की व्यवस्था की है। 22 सितंबर से अगले सात दिनों तक जिले के सभी ग्राम पंचायतों के पंचायत सरकार भवन/पंचायत भवन और संबंधित अंचल कार्यालय सुबह पांच बजे से खुलेंगे। यहां आवेदकों से आवेदन लिए जाएंगे और उन्हें अनिवार्य रूप से प्राप्ति रसीद दी जाएगी। पोर्टल की सुविधा उपलब्ध होने पर क्यूआर कोड आधारित रसीद भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान बसेरा की समीक्षा की गई। इसमें पर्चा के लिए जहानाबाद से लोगों के पटना पहुंचने की सूचना पर स्थानीय स्तर पर आवेदन लेने की प्रभावी व्यवस्था और व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया गया। वीसी में डीएम छिरिङ वाई भूटिया और एसपी कोटा किरण कुमार शामिल हुए।
वीसी के बाद डीएम ने राजस्व, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व कर्मियों, पंचायत सचिव, विकास मित्र समेत प्रतिनियुक्त कर्मियों को आवेदन लेने और आवेदकों को सहयोग देने का निर्देश दिया। वरीय पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर केंद्रों की व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
पटना ले जाने वालों पर रहेगी नजर
डीएम ने प्रमुख नाकों, सीमावर्ती क्षेत्रों और रेलवे स्टेशन पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग और बाईपास से जुड़े थाना क्षेत्रों में भी निगरानी रखी जाएगी। अभियान बसेरा के नाम पर लोगों को संगठित कर पटना ले जाने या गुमराह करने वालों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से सभी अंचलों में माइकिंग, फ्लेक्स और अन्य माध्यमों से प्रचार किया जाएगा। विकास मित्रों और जीविका के माध्यम से गांवों व महादलित टोलों तक जानकारी पहुंचाई जाएगी। डीएम ने लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और अपना आवेदन अंचल कार्यालय या पंचायत भवन में ही जमा कर उसकी रसीद अवश्य प्राप्त करें।