स्वच्छ दुग्ध उत्पादन से बढ़ेगी दूध की गुणवत्ता और पशुपालकों की आय
________________
राष्ट्रीय दुग्ध विकास कार्यक्रम योजनांतर्गत 93 दुग्ध उत्पादक किसानों ने लिया प्रशिक्षण
________________
पशु देखभाल, नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दी गई जानकारी
________________
खरगोन 16 सितंबर 2026। इन्दौर सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, इन्दौर द्वारा जिला संघ खरगोन के माध्यम से राष्ट्रीय दुग्ध विकास कार्यक्रम योजनांतर्गत दुग्ध प्रदायक किसानों के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध दुग्ध उत्पादन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण 16 सितंबर को उत्सव गार्डन, धामनोद रोड, मंडलेश्वर के सभागृह में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में क्षेत्र के लगभग 93 दुग्ध उत्पादक किसानों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में दुग्ध सहकारी संघ मर्यादित, खरगोन के नोडल अधिकारी श्री डी.पी. त्यागी, सुपरवाइजर श्री हर्ष पालीवाल, जिला संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ओंकार यादव, पशु चिकित्सक श्री ललित पाटीदार तथा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं के प्रबंधक श्री सुनील पाटीदार एवं श्री प्रभुजी यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ओंकार यादव ने सहकारी संस्थाओं में सदस्यों के अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से सक्रिय सदस्य बनकर संस्था की गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने तथा सहकारी संस्था के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
मुख्य वक्ता नोडल अधिकारी श्री डी.पी. त्यागी ने स्वच्छ दुग्ध उत्पादन के साथ दुग्ध उत्पादन की मात्रा बढ़ाने, पशुओं की उचित देखभाल तथा उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन संबंधी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए स्वच्छता एवं पशुपालन की बेहतर व्यवस्थाओं के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
पशु चिकित्सक श्री ललित पाटीदार ने शासन की प्रमुख ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए पशुओं की देखभाल, बीमारियों की रोकथाम एवं नस्ल सुधार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी किसानों को दी। उन्होंने पशुधन के स्वास्थ्य और बेहतर रखरखाव को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के अंत में श्री हर्ष पालीवाल ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने पशुधन का विशेष ध्यान रखते हुए पशुपालन को अतिरिक्त आय सृजन का प्रभावी माध्यम बनाने तथा नस्ल सुधार एवं पशु रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित किसानों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों को लेकर फीडबैक भी लिया गया।
#JansamparkMP #khargone