हिंदी भाषा की दशा और दिशा पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
________________
पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस खरगोन में हिंदी दिवस पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित
________________
विद्यार्थियों ने हिंदी की उपयोगिता, संभावनाओं और चुनौतियों पर किया विचार-विमर्श
________________
खरगोन 15 सितंबर 2026। हिंदी दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के अंतर्गत हिंदी विभाग द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता का विषय “हिंदी भाषा की दशा और दिशा” रखा गया। इसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए हिंदी भाषा की वर्तमान स्थिति, उपयोगिता, संभावनाओं एवं भविष्य की दिशा पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संविधान निर्माण के समय हिंदी को संघ की राजभाषा बनाए जाने को लेकर संविधान सभा में विस्तृत विचार-विमर्श हुआ था। 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया। इसी ऐतिहासिक निर्णय की स्मृति में प्रतिवर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है।
विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्यों में हिंदी के समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को रेखांकित करते हुए वर्तमान समय में हिंदी के समक्ष उपलब्ध अवसरों और चुनौतियों पर भी विचार रखे। उन्होंने बदलते तकनीकी एवं वैश्विक परिवेश में हिंदी के व्यापक प्रयोग और विकास की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।
भाषण प्रतियोगिता में श्री महेश बिल्लौरे, बी.ए. प्रथम वर्ष ने प्रथम, श्री शशांक कोगे, बी.ए. प्रथम वर्ष ने द्वितीय तथा सुश्री संगीता पटेल, बी.ए. प्रथम वर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रो. वंदना बर्वे, प्रो. गायत्री चौहान, प्रो. छितू सिंह चौहान, प्रो. संगीता पाटीदार, प्रो. सुरेश सोलंकी, प्रो. तुषार जाधव सहित महाविद्यालय का शैक्षणिक स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश चौहान ने किया तथा आभार प्रो. छितू सिंह चौहान ने व्यक्त किया।
#JansamparkMP #khargone