सेवा संकल्प अभियान को लेकर नगरपालिका में बैठक संपन्न
________________
17 सितंबर को प्रज्ज्वलित होगा आशीर्वाद का दिया, शहरभर में होंगे विविध सेवा कार्यक्रम
________________
रक्तदान, स्वच्छता अभियान, सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सुशासन सेवा संवाद सहित होंगे विभिन्न आयोजन
________________
खरगोन 15 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मंगलवार को नगरपालिका सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगरपालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती छाया अरुण जोशी ने की। बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं तैयारियों पर चर्चा की गई।
नपाअध्यक्ष श्रीमती जोशी ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर 2026 को कुंदा नदी तट स्थित श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर से देवी अहिल्याबाई होलकर स्मारक तक दीप प्रज्ज्वलित कर किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री एवं खरगोन-बड़वानी सांसद श्री गजेंद्रसिंह पटेल तथा खरगोन विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, प्रदर्शनियां, सेवा दिवस, ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला, ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’, स्थानीय भाषाओं में संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग एवं सुशासन सेवा संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
________________
मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुश्री कमला कोल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए कार्यपालन यंत्री श्री राहुल पंवार को नोडल अधिकारी नियुक्त कर जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण कर कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए।
17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत निकाय क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों के आवासों पर दीप प्रज्ज्वलित करवाए जाएंगे। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से समन्वय कर उन्हें भी दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्वनिधि योजना के हितग्राहियों के ठेले एवं दुकानों पर भी ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्ज्वलित करवाना सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में अभियान से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा उपस्थित सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर सहमति प्रदान की गई। इस अवसर पर लोक निर्माण सभापति श्री धीरेंद्रसिंह चौहान, सभापति श्रीमती संध्या दांगी, पार्षद श्री जगन्नाथ सांवले, श्री चंद्रपालसिंह तोमर, श्री संतोष वर्मा, एल्डरमेन श्रीमती सुनीता गांगले, पार्षद प्रतिनिधि श्री किशोर पुजारी, श्री जितेंद्र चोपड़ा, कार्यपालन यंत्री श्री राहुल पंवार, स्वास्थ्य अधिकारी श्री प्रकाश चित्ते, प्रभारी राजस्व अधिकारी श्री महेश वर्मा, उपयंत्री श्री मनीष महाजन, श्री अमित डामोर, श्रीमती अंकिता गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान