ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को बड़ी सफलता, रुद्रप्रयाग में 6.59 किमी लंबी सुरंग के दोनों छोर जुड़े,
सुमेरपुर से मरौड़ा तक पूरी हुई सुरंग की खुदाई, कठिन भूगर्भीय परिस्थितियों के बीच इंजीनियरों और श्रमिकों ने हासिल की बड़ी उपलब्धि।
रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। रुद्रप्रयाग जिले में परियोजना की 6.59 किलोमीटर लंबी मुख्य सुरंग के दोनों छोर आपस में जुड़ गए हैं। सुमेरपुर से मरौड़ा तक सुरंग की खुदाई पूरी होने के साथ ही परियोजना को बड़ी तकनीकी सफलता मिली है। खास बात यह है कि रिहायशी इलाकों के नीचे भुरभुरी मिट्टी, पानी के रिसाव और कम ओवरबर्डन जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच इंजीनियरों और श्रमिकों ने इस काम को अंजाम दिया है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पहाड़ में रेल पहुंचाने के सपने को साकार करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को रुद्रप्रयाग जिले में 6.59 किलोमीटर लंबी मुख्य सुरंग के दोनों छोर जुड़ गए। सुमेरपुर की ओर से 4.7 किलोमीटर और मरौड़ा की ओर से 1.79 किलोमीटर खुदाई कर सुरंग को आर-पार कर दिया गया है। रेल विकास निगम लिमिटेड यानी आरवीएनएल के पैकेज-08 के तहत मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने इस सुरंग का निर्माण किया है।
हालांकि, सुरंग निर्माण का यह सफर आसान नहीं रहा। रिहायशी इलाकों के नीचे भुरभुरी मिट्टी, चट्टानों की कम मोटाई और पानी के रिसाव जैसी भूगर्भीय चुनौतियों ने निर्माण कार्य को बेहद जटिल बना दिया था। इन चुनौतियों से निपटने के लिए इंजीनियरिंग टीम ने न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड यानी एनएटीएम और नियंत्रित ब्लास्टिंग तकनीक का इस्तेमाल किया। बेहतर तकनीकी समन्वय और टीमवर्क के चलते आखिरकार सुरंग के दोनों छोर जुड़ गए। इस उपलब्धि पर आरवीएनएल के उप महाप्रबंधक ओपी मालगुड़ी ने मेघा इंजीनियरिंग के अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों को बधाई देते हुए इसे सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में सुरंगों का निर्माण पूरा होना पहाड़ में रेल कनेक्टिविटी के सपने को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।