गुप्तकाशी में बच्चा पार्क तोड़े जाने पर विवाद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने उठाए सवाल
बच्चों की मांग पर लाखों की लागत से बना था पार्क, मशीनों से किया गया ध्वस्त, एनएच विभाग और जिला पंचायत चायत एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी,,
रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी में बच्चों के खेलने और मनोरंजन के लिए बनाए गए बच्चा पार्क को तोड़े जाने का मामला विवादों में आ गया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी ने पार्क को मशीनों से ध्वस्त किए जाने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस पार्क का निर्माण बच्चों की मांग पर किया गया था, उसे बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के नष्ट कर दिया गया। इससे स्थानीय बच्चों के खेलने और मनोरंजन के लिए बनाई गई सुविधा समाप्त हो गई है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी ने बताया कि जब गुप्तकाशी जिला पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आता था, उस समय स्थानीय बच्चों की मांग को देखते हुए बच्चा पार्क का निर्माण कराया गया था। पार्क बनाने का उद्देश्य बच्चों को खेलने के लिए एक सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना था। लंबे समय से यह पार्क क्षेत्र के बच्चों के लिए उपयोगी साबित हो रहा था, लेकिन वर्तमान में इसे मशीनों के माध्यम से तोड़ दिया गया है।
तिवारी के अनुसार, पार्क को तोड़े जाने के बाद जब राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग से इस संबंध में जानकारी मांगी गई तो विभाग की ओर से पार्क को जिला पंचायत द्वारा तोड़े जाने की बात कही जा रही है। वहीं, जिला पंचायत से पूछे जाने पर पार्क को तोड़ने की जिम्मेदारी एनएच विभाग पर डाली जा रही है। ऐसे में दोनों विभागों के अलग-अलग जवाबों के बीच यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि आखिर पार्क को ध्वस्त करने का निर्णय किस विभाग ने लिया और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
उन्होंने कहा कि यदि एनएच विभाग को सड़क निर्माण अथवा अन्य विकास कार्यों के लिए उक्त भूमि की आवश्यकता थी तो पार्क को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट किया जा सकता था। इसके लिए पहले वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जानी चाहिए थी, ताकि बच्चों के खेलने की सुविधा बनी रहती। लेकिन ऐसा करने के बजाय मशीनों से पूरे पार्क को नष्ट कर दिया गया।
गणेश तिवारी ने सवाल उठाते हुए कहा कि सार्वजनिक उपयोग की सुविधाओं को समाप्त करने से पहले उनके विकल्पों पर विचार किया जाना चाहिए। खासकर बच्चों के लिए बनाई गई ऐसी सुविधाओं को लेकर विभागों को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पार्क को तोड़े जाने के कारणों को सार्वजनिक किया जाए और यह भी स्पष्ट किया जाए कि इसकी जिम्मेदारी किस विभाग की थी। अब सवाल यह है कि बच्चों के लिए बनाए गए इस पार्क को किसके आदेश पर तोड़ा गया?
क्या पार्क को हटाने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया गया था? फिलहाल एनएच विभाग और जिला पंचायत के बीच जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
स्थानीय स्तर पर इस मामले में संबंधित विभागों से जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है।
Rudraprayag, Rudraprayag | Nov 28, 2026