रुद्रप्रयाग में PRD जवानों का कैंडल मार्च, समान कार्य-समान वेतन की मांग,
रुद्रप्रयाग। समान कार्य-समान वेतन और 365 दिन रोजगार की मांग को लेकर प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों ने शनिवार को रुद्रप्रयाग में कैंडल मार्च निकाला। सैन्य बैंड से पेट्रोल पंप तक निकाले गए मार्च में करीब 150 से 200 जवान शामिल हुए। इनमें बड़ी संख्या में महिला जवान भी मौजूद रहीं। मांगों को लेकर जवानों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
शाम करीब चार बजे निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान जवानों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। जवानों की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन और साल के 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराना शामिल है।
मार्च में मेडिकल, डीडीआरएफ, सुरक्षा बल समेत विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारी भी शामिल हुए। जवानों ने कहा कि वे विभिन्न परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं और कई बार दोहरा कार्य भी करते हैं। इसके बावजूद उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप वेतन और रोजगार की सुरक्षा नहीं मिल पा रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने भी जवानों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि PRD कर्मचारी व्यवस्था की रीढ़ हैं और कठिन परिस्थितियों में मेहनत से कार्य करते हैं। उनकी मांगें पूरी होनी चाहिए।
वहीं, उत्तराखंड क्रांति दल के नेता अर्जुन कंडारी ने कहा कि PRD जवानों को समान कार्य-समान वेतन मिलना चाहिए। उन्होंने जवानों की मांगों को जायज बताते हुए समर्थन जताया।
कैंडल मार्च में PRD के जिलाध्यक्ष भरत बैरवाण, जिला उपाध्यक्ष प्रेम भैतवाल, जिला महामंत्री चंद्रमोहन, जिला कोषाध्यक्ष सुनील बैरवाण सहित अन्य जवान मौजूद रहे।