बावन के मां कुसुमा देवी मंदिर में सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ भव्य महायज्ञ
हरदोई। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड बावन स्थित प्रसिद्ध मां कुसुमा देवी मंदिर परिसर में भव्य महायज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ मां कुसुमा देवी के दर्शन-पूजन और हवन में आहुति देकर किया। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सेवा, समर्पण और सांस्कृतिक मूल्यों को जोड़ना भी है। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित महायज्ञ से समाज में शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश प्रसारित होता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी बावन राम प्रकाश, उपायुक्त स्वतः रोजगार निशांत राय, मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 12, 2026