डीएम आवास के गेट पर अधिवक्ता का मोबाइल छीनकर फरार हुए बाइक सवार दो युवक
हरदोई। डीएम आवास के गेट के पास बाइक सवार दो युवक अधिवक्ता सुधांशु पांडे का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित अधिवक्ता सुधांशु पांडे ने घटना की सूचना डायल 112 और कोतवाली पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि छीने गए मोबाइल फोन में उनके पेशे से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। मोबाइल छिन जाने से उन्हें जरूरी दस्तावेजों और अन्य जानकारियों के इस्तेमाल में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों युवक बाइक से मौके से फरार हो गए। पीड़ित अधिवक्ता ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने और मोबाइल फोन बरामद कराने की उम्मीद जताई है।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आरोपियों की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
रिपोर्ट: देवेंद्र सिंह
Bilgram, Hardoi | Oct 12, 2026