बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को 493 करोड़ रुपये की सहायता, हरदोई में किसानों को सांकेतिक चेक वितरित
हरदोई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को गोरखपुर स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में बाढ़, अतिवृष्टि और चक्रवात से प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान राशि हस्तांतरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत प्रदेश के नौ लाख से अधिक प्रभावित किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 493 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी गई।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हरदोई कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में किया गया। यहां उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपाली भार्गव सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का प्रसारण देखा। इसके बाद प्रभावित किसानों को सांकेतिक रूप से चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति झेलने वाले किसानों को समय से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। सरकार प्रभावित किसानों के साथ संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित किसानों को सहायता देने और क्षति का सर्वे कराने का कार्य लगातार जारी है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र किसानों को समयबद्ध तरीके से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई में उन्हें राहत मिल सके।
Bilgram, Hardoi | Oct 12, 2026