हरदोई कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैनर क्षतिग्रस्त करने और चित्र पर कालिख लगाने का आरोप, जिलाध्यक्ष ने एसपी से की शिकायत
हरदोई। जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर पार्टी का बैनर क्षतिग्रस्त करने और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे के चित्र पर कालिख लगाने का मामला सामने आया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में विक्रम पांडे ने आरोप लगाया कि 12 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान हरदोई स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय, जो बंद था और जिस पर ताला लगा हुआ था, के बाहर भाजपा महिला मोर्चा से संबंधित कुछ महिलाओं ने कथित तौर पर कांग्रेस के बैनर को क्षतिग्रस्त कर दिया और बैनर पर लगे उनके चित्र पर कालिख लगा दी।
विक्रम पांडे ने इस घटना को आपत्तिजनक और अपमानजनक बताते हुए उपलब्ध फोटो एवं वीडियो के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना के समय मौके पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है। ऐसे में यह जांच की जानी चाहिए कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कथित घटना को क्यों नहीं रोका गया और तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराए जाने और यदि लापरवाही सामने आए तो नियमानुसार कार्रवाई करने का भी अनुरोध किया है।
उन्होंने अपने शिकायती पत्र में कहा कि कांग्रेस पार्टी कानून और संविधान में विश्वास रखती है तथा राजनीतिक प्रतिशोध के बजाय निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई चाहती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की अपील की है।
Bilgram, Hardoi | Oct 12, 2026