बावन के तत्योरा में 12.50 लाख की लागत से नाला खुदाई, डीएम ने किया निरीक्षण
हरदोई। जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकास खंड बावन की ग्राम पंचायत तत्योरा में कराए जा रहे नाला खुदाई कार्य का जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत विशेष रोजगार अभियान दिवस पर कराए जा रहे इस कार्य की उपयोगिता परखने के लिए डीएम ने नाले का पैदल निरीक्षण किया और मौके पर काम कर रहे श्रमिकों से संवाद किया।
ग्राम पंचायत तत्योरा में बावन रोड पुलिया से हरदोई बाईपास तक नाले की खुदाई कराई जा रही है। इसकी लंबाई 1,250 मीटर बताई गई है। सूचना विभाग के अनुसार, कार्य की लागत 9,76,171 रुपये है। नाला हरदोई बाईपास को पार करते हुए विकास खंड सुरसा की ग्राम पंचायत हरदोई देहात स्थित बड़े नाले से जुड़ता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नाले की उपयोगिता को जल निकासी के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।
डीएम ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाले की पूरी तरह सफाई कराई जाए। जिस बड़े नाले से इसे जोड़ा जा रहा है, उसकी सफाई भी सुनिश्चित की जाए, ताकि पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने नाले का ढलान सही रखने पर भी जोर दिया, जिससे पानी का प्रवाह सुचारु बना रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद के फोटोग्राफ सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य पूर्ण होने के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा, ताकि निर्माण की गुणवत्ता और जल निकासी की उपयोगिता का आकलन किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष सिंह, खंड विकास अधिकारी बावन डॉ. रामप्रकाश, अवर अभियंता लघु सिंचाई प्रदीप पाराशर, ग्राम पंचायत अधिकारी शत्रोहन सिंह, तकनीकी सहायक अवधेश शरण और मुनीर प्रशासक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 12, 2026