कन्या महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाई गई बलराम जयंती
-----
शासकीय आदर्श कन्या महाविद्यालय श्योपुर में मध्यप्रदेश शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार भगवान बलराम जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भगवान बलराम के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृषि क्षेत्र में उनके योगदान के बारे में छात्राओं को जानकारी दी गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओ.पी. शर्मा ने भगवान बलराम के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक आदर्श पुत्र, भाई एवं मित्र होने के साथ-साथ बलशाली योद्धा, मल्ल तथा गदा युद्ध के गुरु थे। उन्होंने बताया कि भगवान बलराम जी द्वापर युग में शेषनाग के अवतार के रूप में अवतरित हुए थे। उन्होंने भगवान बलराम के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक श्री सुनील शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलराम के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए उनके कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि भगवान बलराम को हलधर के रूप में भी जाना जाता है और उनका जीवन कृषि एवं श्रम की महत्ता का संदेश देता है।
कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. परवीन वर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. श्याम लाल बामनिया ने किया। कार्यक्रम में श्रीमती वेदांकी खंडेलवाल, श्रीमती पूनम गीद, डॉ. महेश कुशवाहा, डॉ. खेमराज आर्य, डॉ. मनीष सैनी, डॉ. राहुल कुमार कुशवाहा, श्री अनिल कुमार तोमर, श्री बालकृष्ण वैष्णव, श्री गिरजेन्द्र शर्मा, श्री रवि यादव, खेलाधिकारी श्री हीरा सिंह सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur