कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में विद्यालयों में कार्यक्रमों का आयोजन
श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं एवं गीता के संदेशों की प्रस्तुति
------
लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार विद्यालयों में 1 से 3 सितंबर तक भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व केे उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये गये है। इसी क्रम में श्योपुर जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों की सहभागिता से विविध सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालयों में जन्माष्टमी पर्व को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिल रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में विद्यालयों में भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की वेशभूषा में विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। इसके साथ ही श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, मटकी फोड़, भजन-कीर्तन, गीत, नृत्य, नाट्य मंचन एवं भाषण सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों तथा श्रीमद्भगवद्गीता के कर्मयोग, कर्तव्य, सत्य एवं धर्म के संदेशों से परिचित कराया जा रहा है। विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की जा रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में भारतीय पर्व एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं जीवन मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिले के विभिन्न विद्यालयों में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की जा रही है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur