वनो के संरक्षण हेतु समुदाय को जोडने चलेगा अभियान
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में वनो के संरक्षण हेतु समुदाय को जोडने के लिए अभियान चलाये जाने की रूपरेखा तैयार करने के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएफओ सामान्य श्री केएस रंधा, अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, एसडीएम कराहल श्री बीएस श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर श्री शिवलाल शाक्य, डीपीएम एनआरएलएम श्री सोहनकृष्ण मुदगल, जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह आदि उपस्थित थे।
डीएफओ श्री केएस रंधा ने कहा कि समुदाय को वनो के संरक्षण से जोडने, पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए एनआरएलएम और जन अभियान परिषद के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जायेगा, इस अभियान के माध्यम से लोगों को वनो के महत्व, जीवन के लिए पर्यावरण की आवश्यकता तथा वनोपज के माध्यम से रोजगार के अवसर और वृक्षो के धार्मिक महत्व से अवगत कराते हुए वनो को कटाई से रोकने के लिए जागरूक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि एनआरएलएम स्वसहायता समूहों के माध्यम से तथा जन अभियान परिषद नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से सामुदायिक बैठके आयोजित कर लोगों को वनो के संरक्षण के प्रति प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ-साथ जल संरक्षण, मिट्टी के संरक्षण और जैव विविधता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए वनों एवं वृक्षों के संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना आवश्यक है।
अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने कहा कि समुदाय को वृक्षो के धार्मिक महत्व के साथ ही सामाजिक और पर्यावरणीय महत्व से अवगत कराया जायें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले समुदाय का वनों से पारंपरिक रूप से गहरा संबंध रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों को जागरूक एवं सहभागी बनाकर वनों के संरक्षण के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि जंगल और वृक्ष केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं हैं, बल्कि इनके संरक्षण में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में अभियान के दौरान विभिन्न स्तरों पर आयोजित की जाने वाली सामुदायिक बैठकों, जागरूकता गतिविधियों एवं जनभागीदारी बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur