चम्बा मेडिकल कॉलेज में एनडीआरएफ का आपदा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
सुरेंद्र उर्फ़ आकाश ठाकुर
चम्बा 13 जुलाई 2026
पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा में मानसून तैनाती अवधि के दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) द्वारा आपदा जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. पंकज गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रशिक्षण में एमबीबीएस बैच-2022 के लगभग 120 प्रशिक्षु छात्रों ने भाग लिया। एनडीआरएफ की टीम ने भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, बादल फटना तथा आग जैसी आपदाओं के दौरान बचाव कार्यों और प्राथमिक उपचार की व्यावहारिक जानकारी दी। प्रदर्शन सत्र के माध्यम से बताया गया कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से कैसे निकालें और समय रहते प्राथमिक उपचार देकर उसकी जान कैसे बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर प्राचार्य एवं डीन डॉ. पंकज गुप्ता ने कहा कि मानसून का समय सेवा, समर्पण और सतर्कता की परीक्षा का समय होता है। इस दौरान प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ केवल एक राहत एवं बचाव बल ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में लोगों के लिए आशा और विश्वास का प्रतीक है।
एनडीआरएफ के टीम कमांडर इंस्पेक्टर आनंद सिंह ने बताया कि आपदा के समय त्वरित और सही प्राथमिक उपचार से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने टीम द्वारा विभिन्न आपदा परिस्थितियों में बचाव कार्यों का लाइव प्रदर्शन भी किया।
कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर पूजा सोलंकी, प्रियक, भोला सिंह, मनोज कुमार, शिल्पा, वसीम राजा, अधीक्षक ग्रेड-1 रमेश शर्मा, शारीरिक शिक्षक इमरान खान, छायाकार बोधराज सहित सुरक्षा एवं स्वच्छता कर्मचारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#Chamba #ChambaNews #MedicalCollegeChamba #NDRF #DisasterManagement #DisasterPreparedness #EmergencyResponse #FirstAid #MBBS #MedicalStudents #HimachalPradesh #MonsoonSafety #HealthNews #PangiLiveNews #चंबा #हिमाचलप्रदेश #एनडीआरएफ #आपदाप्रबंधन #प्राथमिकउपचार #मानसून
Chamba, Chamba | Jul 13, 2026