अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर सांस्कृतिक उप समिति की बैठक आयोजित
चंबा 13 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त एवं संयोजक सांस्कृतिक उप समिति अमित मैहरा की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांस्कृतिक उप समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्यों ने भाग लेकर मेले के सफल आयोजन को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक के दौरान मिंजर मेले के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न सांस्कृतिक संध्याओं तथा कलाकारों के चयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष अमित मैहरा ने समिति के सदस्यों को निर्देश दिए कि वे आमजन की रुचि और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए कलाकारों की एक विस्तृत सूची तैयार करें, ताकि कार्यक्रमों को और अधिक आकर्षक बनाया जा सके।
इसके अतिरिक्त बैठक में स्टेज लाइटिंग, साउंड सिस्टम, स्टेज आर्केस्ट्रा तथा सांस्कृतिक मंच की व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें मंच प्रदान करने के विषय पर भी सभी सदस्यों ने सहमति जताई।
गैर-सरकारी सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विभिन्न सुझाव दिए, जिन पर प्रशासन द्वारा सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया। समिति का उद्देश्य इस वर्ष मेले को भव्य और जन-आकर्षक बनाना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव मिल सके।
गौरतलब है कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का आयोजन 26 जुलाई से 2 अगस्त तक किया जाएगा। बैठक में जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा सहित गैर-सरकारी सदस्य जगदीश हांडा, संजीव सूरी, ललित भूषण, जीवन सालरिया, हेम ठाकुर, उमेश कुमार, नरेश राणा और कपिल भूषण सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Jul 13, 2026