चालान नहीं, फूल देकर पुलिस ने सिखाए यातायात के नियम
कोंच। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए मंगलवार को कोतवाली पुलिस की महिला सशक्तिकरण टीम ने एनसीसी कैडेट्स के साथ रैली निकाली। दोपहर करीब दो बजे एसआरपी इंटर कॉलेज से मार्कण्डेश्वर चौराहे तक निकली रैली के बाद वाहन चालकों को गुलाब देकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को हेलमेट और कार चालकों को सीट बेल्ट के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया। कोतवाल निग्वेंद्र प्रताप सिंह और उपनिरीक्षक विमलेश कुमार ने कहा कि तेज गति, तीन सवारी बैठाना और नशे में वाहन चलाना दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाता है। इस दौरान एसआई भारती सिंह, महिला कांस्टेबल जानवी, शिखा, पूजा पोद्दार, कृष्णा, अर्चना और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
#कोंच #जालौन #konchnews #उरई #localnews
Konch, Jalaun | Oct 13, 2026